1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 13, 2024, 11:27:55 AM
- फ़ोटो
HAJIPUR : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चुनावी अभियान के तहत सोमवार को हाजीपुर पहुंचे और विशाल सनसभा को संबोधित किया। लोजपा (रामविलास) के चीफ चिराग पासवान के पक्ष में उन्होंने लोगों से वोट की अपील करते हुए चिराग पासवान के दिवंगत पिता रामविलास पासवान को भी याद किया।
चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने सबसे पहले स्थानीय भाषा में हाजीपुर की धरती को नमन किया। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में चौथे चरण का मतदान हो रहा है। मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वह अधिक से अधिक वोटिंग करें। यह चुनाव लोकतंत्र का एक महापर्व है। ज्यादा मतदान इसकी शोभा को और अधिक बढ़ा देता है। आपका एक-एक वोट देश के लोकतंत्र का गहना बन जाता है। हाजीपुर आकर यहां की जनता से आशीर्वाद लेना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है।
पीएम मोदी ने मंच से दिवंगत नेता रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि यह पहला लोकसभा चुनाव है, जब एनडीए उनकी अनुपस्थिति में लड़ रहा है। रामविलास पासवान सामाजिक न्याय के सच्चे साधक थे। हाजीपुर के प्रति उनका लगाव और समर्पण हमेशा याद रहेगा। हाजीपुर में उनके सपनों को पूरा करने के लिए हम सभी लोग संकल्पबद्ध हैं। अब चार जून बहुत दूर नही है। चार जून को हर किसी की नजर टीवी, रेडियों और सोशल मीडिया पर होगी और चुनाव के परिणाम करेंगे, फिर एक बार मोदी सरकार।