1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 09, 2023, 7:10:50 AM
- फ़ोटो
PATNA : केरल में गुरुवार को दक्षिण पश्चिमी मानसून की दस्तक हो गई है। इस बार यह हफ्ते भर की देरी से केरल पहुंचा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मानसून के आगमन की पुष्टि की है। ऐसे में बिहार में भी एक हफ्ते की देरी से मानसून के आगमन का अनुमान किया जा रहा है। बिहार में मानसून के आगमन की मानक तिथि 13 जून है।
दरअसल, मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि मानसून के इस बार बिहार में आगमन की अनुमानित तिथि 18 या 19 जून है। हालांकि, केरल के आगमन के बाद देश के अन्य हिस्सों में इसका प्रसार कई परिस्थितियों पर निर्भर करता है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 10 और 11 जून को उत्तर बिहार में कुछ जगहों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 10 और 11 जून को इस बाबत येलो अलर्ट जारी किया है।
मालूम हो कि, प्रदेश में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। आलम यह है कि रात तक वातावरण में गर्म हवाओं का प्रभाव बना रहता है। गुरुवार को पटना सहित 24 जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। पूर्णिया में पारा सामान्य से 8.8 डिग्री ऊपर पहुंचा। वहां 43 साल पुराना अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड टूट गया है। सात जून को पूर्णिया में सार्वकालिक अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। आठ जून को भी यहां अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री रहा। राज्य भर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान खगड़िया में 44.5 डिग्री पर पहुंचा।