Hindi News / news / माले नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, हथियारबंद 4 बदमाशों ने घटना...

माले नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, हथियारबंद 4 बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम

1st Bihar Published by: Chandan Updated Sep 22, 2021, 8:16:38 PM

माले नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, हथियारबंद 4 बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम

- फ़ोटो

ARRAH: बिहार में अपराधी बेखौफ हो गये है शायद कारण है कि वे एक के बाद एक अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला आरा का है जहां भाकपा माले नेता गोपाल प्रसाद के बेटे 40 वर्षीय विजय प्रसाद की अपराधियों ने आज गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। 


अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम आरा सदर अस्पताल के गेट सामने चाय की दुकान पर दिया। विजय प्रसाद को काफी करीब से 4 गोलियां मारी गई थी। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की छानबीन शुरू की। 


बताया जाता है कि मृतक विजय एम्बुलेंस चालक था। उनके पिता भाकपा माले नेता गोपाल प्रसाद आरा नगर निगम कर्मचारी यूनियन के भी नेता हैं। बुधवार की शाम आरा सदर अस्पताल गेट के सामने वह चाय की दुकान पर था तभी इसी दौरान पैदल पहुंचे चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। 


इस दौरान चार गोलियां लगने से उसकी मौत हो गयी। गोली चलने से अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। वही घटना को अंजाम देने के बाद चारों भी मौके से फरार हो गया। 


वही इस घटना से मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। हालांकि घटना का कारण अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।