1st Bihar Published by: Updated Sep 06, 2021, 7:47:44 PM
- फ़ोटो
BANKA: बोलेरो ने एक मुखिया को रौंद डाला जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। मृतक की पहचान प्रवीण झा के रूप में हुई है जो अमरपुर प्रखंड के भरको पंचायत के मुखिया थे। मुखिया को कुचलने के बाद बोलेरो सवार भागने लगा जिसका पीछा कर ग्रामीणों ने पकड़ा। जिसके बाद ग्रामीणों ने बोलेरो में तोड़फोड़ की तभी इस दौरान ड्राइवर व अन्य लोग मौके से फरार हो गये।
जिस बोलेरो से कुचलकर मुखिया प्रवीण झा की मौत हुई वह बोलेरो डीलर राजीव चौधरी की पत्नी के नाम से है। स्थानीय लोगों की माने तो मृतक प्रवीण की शिकायत पर ही डीलर राजीव चौधरी का लाइसेंस रद्द हुआ था। इसे भी घटना का कारण माना जा रहा है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना उस वक्त हुई जब मुखिया प्रवीण झा अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। तभी इंगलिश मोड़-शंभूगंज मुख्य मार्ग के पास एक बोलेरो ने उन्हें रौंद डाला। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। बताया यह भी जाता है कि प्रवीण आरटीआई कार्यकर्ता भी थे। इससे पूर्व भी आरटीआई को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। प्रवीण अमरपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव भी लड़े थे।
सामाजिक कार्यो में मुखिया की अधिक भागीदारी रहने के कारण कई लोगों से उनका विवाद भी हुआ था। पिछले साल कुछ महिलाओं ने उनके खिलाफ केस भी दर्ज कराया था। फिलहाल पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है और घटना के हरेक बिन्दुओं की जांच कर रही है। वही इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।