1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 03, 2024, 12:26:25 PM
- फ़ोटो
PATNA : लोकसभा चुनाव को लेकर अबतक दो चरणों का मतदान हो चुका है और तीसरे चरण का मतदान आगामी 7 मई को होना है। लेकिन इससे ठीक पहले राजद सुप्रीमो लालू यादव ने ट्वीट कर पीएम मोदी को हिंदी का पाठ पढ़ाया है। लालू ने कहा है कि पीएम मोदी का पसंदीदा शब्द मुसलमान, मस्जिद, मछली, मुगल और मंगलसूत्र हैं। मुझे अब यह पूछना है कि वह जनता के मुद्दों की बात कब करेंगे।
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिंदी भाषा की शब्दावली का भी पाठ पढ़ाया। सोशल मीडिया एक्स पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि हिंदी भाषा में आज लगभग 1.5 लाख शब्द बताये जाते हैं तथा अध्ययन की सभी शाखाओं में तकनीकी शब्दों को मिलाकर लगभग 6.5 लाख शब्द हैं। लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पसंदीदा, सबसे शब्द हैं, पाकिस्तान, श्मशान, क़ब्रिस्तान, हिन्दू-मुसलमान, मंदिर-मस्जिद, मछली-मुगल, मंगलसूत्र और गाय-भैंस।
पीएम मोदी पर तंज कसते हुए लालू ने कहा कि ऊपर की लिस्ट पहले दो चरणों के चुनाव होने तक की है। सातवें चरण तक इस लिस्ट में कुछ दो-चार शब्द और बढ़ सकते हैं। राजद चीफ ने व्यंग करते हुए कहा कि कि प्रधानमंत्री नौकरी, रोजगार, गरीबी, किसानी, महंगाई, बेरोजगारी, विकास, निवेश, छात्र, विज्ञान, नौजवान इत्यादि मुद्दे जैसे भूल ही गए हैं।
उधर, इससे पहले गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर पीएम मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के मुंह से मुद्दे यानी नौकरी, रोजगार, अमन, भाईचारे की बात सुनना संभव नहीं है। तेजस्वी यादव ने कहा कि चार चीजें असंभव हैं। इनमें सूरज का पश्चिम से उगना, रेगिस्तान में मछली पकड़ना, आसमान में पेड़ लगाना और मोदी जी के मुंह से मुद्दे यानी नौकरी, रोजगार, प्रेम, अमन व भाईचारे की बात सुनना।