1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 24, 2023, 4:06:32 PM
- फ़ोटो
PATNA: केंद्रीय मंत्री व बीजेपी नेता गिरिराज सिंह पर नीतीश के मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब से गिरिराज सिंह केंद्रीय मंत्री बने हैं तब से बिहार को इंदिरा आवास योजना में एक पैसा भी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बेगूसराय सांसद व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को कई बार पत्र भी लिया गया लेकिन उन्होंने बिहार के गरीबों के हित को लेकर संज्ञान तक नहीं लिया।
श्रवण कुमार ने बताया कि गिरिराज सिंह के कार्यालय में जाकर भी मिला लेकिन बिहार को अभी तक केंद्र से एक पैसा भी इस मद में नहीं मिला। श्रवण कुमार ने गिरिराज सिंह से पूछा कि वे बताएं कि बिहार की जनता के लिए उन्होंने क्या कुछ किया है। जेडीयू की जनता दरबार के दौरान श्रवण कुमार ने यह बात मीडिया से कही।
बता दें कि बुधवार को ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी लोगों की समस्याओं को श्रवण कुमार ने सुना और विभाग के अधिकारियों को लोगों की समस्या का समाधान निकालने का आदेश दिया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए श्रवण कुमार ने गिरिराज पर हमला बोलते हुए कहा कि उनको हिन्दू-मुस्लिम करने से फुर्सत कहां है? फुर्सत रहती तो इंदिरा आवास योजना का फंड राज्य सरकार को मुहैया कराते लेकिन इस बात की उन्हें चिंता तक नहीं है।