1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 19, 2024, 2:32:34 PM
- फ़ोटो
PATNA: एनडीए में सीटों के बंटवारे में अनदेखी से नाराज केंद्रीय मत्री पशुपति कुमार पारस ने मंगलवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। पारस ने दिल्ली में अपने इस्तीफे का एलान किया हालांकि उन्होंने एनडीए छोड़ने को लेकर कुछ नहीं कहा है। कहा जा रहा है कि पारस जल्द ही महागठबंधन में शामिल हो सकते हैं। लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने महागठबंधन में पारस का स्वागत किया है।
लालू प्रसाद के बड़े बेटे और बिहार सरकार में मंत्री रहे तेजप्रताप यादव ने कहा है कि एनडीए में तो नाइंसाफी होती ही है। उन्होंने बहुत अच्छा किया जो एनडीए को छोड़ दिया। उनको बहुत पहले ही एनडीए छोड़ देना चाहिए था। पशुपति कुमार पारस ने अच्छा फैसला लिया है। पारस के महागठबंधन के साथ जाने के सवाल पर तेजप्रताप ने कहा कि अगर पारस महागठबंधन में आते हैं तो सबसे पहले वे उनका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि 2025 में भाजपा खत्म हो जाएगी।
दरअसल, एनडीए में शामिल पशुपति कुमार पारस की पार्टी राष्ट्रीय लोजपा को लोकसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली है जबकि उनके भतीजे चिराग की पार्टी को पांच सीटें मिली हैं। गठबंधन में अनदेखी से नाराज पारस ने आज केंद्रीय कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे का एलान करते हुए पारस ने कहा कि उनके साथ नाइंसाफी हुई है। पशुपति कुमार पारस के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उनके महागठबंधन में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।