1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 11, 2026, 2:13:50 PM
- फ़ोटो
BIHAR NEWS : केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीके) समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत वितरित किए जाने वाले फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। इस फैसले के बाद मार्च महीने के बाद राशन कार्ड धारकों को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से फोर्टिफाइड चावल नहीं मिल सकेगा। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि लाभुकों को अन्य निर्धारित अनाज की आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस संबंध में बिहार राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन लिमिटेड, खाद्य भवन पटना के विशेष कार्य पदाधिकारी बिनोद कुमार तिवारी की ओर से पत्र जारी कर फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति रोकने का निर्देश दिया गया है। इसी निर्देश के आधार पर जिले में फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है।
जिला खाद्य निगम के अधिकारियों के अनुसार, सरकार के अगले आदेश तक यही व्यवस्था लागू रहेगी। फिलहाल विभाग की ओर से आगे की नई व्यवस्था को लेकर उच्च स्तर से आने वाले निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही सरकार की ओर से नया आदेश जारी होगा, उसी के अनुसार आगे की आपूर्ति व्यवस्था तय की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत फोर्टिफाइड चावल का वितरण किया जा रहा था। इसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक पोषण युक्त भोजन पहुंचाना था। विशेष रूप से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बड़ी संख्या में राशन कार्ड धारकों को यह चावल उपलब्ध कराया जा रहा था।
फोर्टिफाइड चावल सामान्य चावल से अलग होता है, क्योंकि इसमें अतिरिक्त पोषक तत्व मिलाए जाते हैं। इसमें आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व शामिल किए जाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार ये पोषक तत्व शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया को दूर करने और कुपोषण जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक होते हैं।
सरकार ने देश में कुपोषण और एनीमिया की समस्या को देखते हुए फोर्टिफाइड चावल को जन वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीब परिवारों तक पहुंचाने की पहल की थी। खासकर महिलाओं और बच्चों में पोषण की कमी को दूर करने के उद्देश्य से इस योजना को लागू किया गया था। इसके तहत पीडीएस दुकानों के जरिए लाखों लाभुकों को यह चावल दिया जा रहा था।
हालांकि अब इसकी आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दिए जाने के बाद लाभुकों में भी इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कई राशन कार्ड धारक यह जानना चाह रहे हैं कि आगे उन्हें किस प्रकार का चावल मिलेगा और क्या फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति फिर से शुरू होगी या नहीं।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल केवल फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति रोकी गई है, लेकिन राशन कार्ड धारकों को मिलने वाले अन्य अनाज जैसे सामान्य चावल और गेहूं की आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी। इसलिए लाभुकों को राशन मिलने में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।
विभागीय सूत्रों के अनुसार सरकार जल्द ही इस मामले में आगे की रणनीति तय कर सकती है। इसके बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि भविष्य में फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति फिर से शुरू होगी या इसकी जगह कोई अन्य व्यवस्था लागू की जाएगी। फिलहाल सभी जिलों में संबंधित अधिकारियों को सरकार के अगले आदेश का इंतजार है।