Hindi News / news / पटना में 10 साल के लड़के की बेरहमी से हत्या, खेत में मिला...

पटना में 10 साल के लड़के की बेरहमी से हत्या, खेत में मिला खून से सना शव

1st Bihar Published by: Updated Jan 03, 2023, 5:54:26 PM

पटना में 10 साल के लड़के की बेरहमी से हत्या, खेत में मिला खून से सना शव

- फ़ोटो

PATNA: खबर राजधानी पटना से आ रही है, जहां बेखौफ बदमाशों ने एक मासूम बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी। घर से लापता बच्चे का शव मंगलवार की सुबह खेतों से बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है। उधर, घटना के बाद मृतक बच्चे के परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के मिल्लत कॉलोनी के पास की है।


मृतक बच्चे की पहचान बेगूसराय निवासी मो. सोहराब अख्तर के 10 वर्षीय बेटे मो.नसीम अख्तर के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि बेगूसराय निवासी मो. सोहराब अख्तर अपने परिजनों के साथ फुलवारी शरीफ के बैतूल करीब मस्जिद नया टोला में किराए के मकान में रहते हैं। सोमवार की रात उनका 10 वर्षीय बेटा नसीम अचानक घर से लापता हो गया। काफी खोजबीन करने के बावजूद नसीम का कहीं भी पता नहीं चला। परिजन सुबह होने का इतंजार कर रहे थे।


इसी बीच परिजनों को खबर मिली की मिल्लत कॉलोनी स्थित एक खेत से बच्चे का शव मिला है। आनन-फानन में परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो नसीम का शव देखकर उनपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के छानबीन में जुट गई है। किस कारण से मासूम बच्चे की हत्या की गई फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।