1st Bihar Published by: BADAL ROHAN Updated Aug 28, 2022, 12:12:31 PM
- फ़ोटो
PATNA : बड़ी खबर राजधानी पटना से आ रही है, जहां एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के गायघाट स्थित महात्मा गांधी सेतु की है। बस में आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आघ पर काबू पाया।
बताया जाता है की यात्रियों से भरी बस मुजफ्फरपुर से पटना की और जा रही थी। इसी दौरान महात्मा गांधी सेतु के पाया संख्या 38 के पास बस में अचानक आग लग गई। बस में आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस पर सवार यात्री किसी तरह से बस से बाहर निकले और अपनी जान बचाई।
गांधी सेतु पर धुंआ देखकर इलाके के लोगों ने घटना की जानकारी आलमगंज थाने को दी। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि जबतक आग पर काबू पाया गया पूरी बस जलकर राख हो चुकी थी। इस दौरान गांधी सेतु पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। गनीमत रही कि समय रहते बस सवार यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए थे नहीं तो आज एक बड़ा हादसा हो सकता था।
