1st Bihar Published by: Updated Jul 12, 2020, 11:28:04 AM
- फ़ोटो
PATNA: बिहार में विधानसभा चुनाव समय पर हो या नहीं इसे लेकर चिराग पासवान और डिप्टी सीएम सुशील मोदी आमने-सामने आ गए थे. इस पूरे प्रकरण से बिहार एनडीए में संकट पैदा हो गया और अब बीजेपी इस पूरे मामले पर डैमेज कंट्रोल में जुट गई है. कोरोना काल में विधानसभा चुनाव कराए जाने को लेकर चिराग पासवान ने आपत्ति जताई जिसके बाद एनडीए में नया विवाद शुरू हो गया. भारतीय जनता पार्टी इस विवाद पर विराम लगाने का प्रयास कर रही है. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने एनडीए में किसी तरह के विवाद की खबरों को खारिज किया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि बिहार में एनडीए बिल्कुल एकजुट है और हम पूरी मजबूती के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे
प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा है कि बिहार में चुनाव चाहे जब भी हो. लेकिन एनडीए पूरी एकजुटता से मैदान में उतरेगा. संजय जायसवाल ने कहा है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस बात को पहले ही साफ कर दिया है कि बिहार में तीनों दल एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे. इंडिया के अंदर सभी दलों की आपसी सहमति से फैसला होता है. हम महागठबंधन नहीं है जहां कोई दल अकेले फैसला कर ले.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की तरफ से एनडीए में खींचतान को खारिज किया जाना इस बात का संकेत है कि बीजेपी कहीं न कहीं लोक जनशक्ति पार्टी और उसके नेता चिराग पासवान के रुख को नरम करना चाहती है. पार्टी को ऐसा लगता है कि डिप्टी सीएम सुशील मोदी के बयान से एनडीए को नुकसान पहुंच सकता है लिहाजा सुशील मोदी के ट्वीट विवाद के बाद अब संजय जायसवाल ने सामने आकर पार्टी का रुख रखा है. संजय जायसवाल ने कहा है कि एनडीए अटूट है और यहां आपसी विवाद होने की चर्चाएं बिल्कुल बेमानी है.