1st Bihar Published by: Updated Nov 22, 2021, 9:28:14 PM
- फ़ोटो
PATNA: RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार में शराबबंदी को खत्म करने की बात कही है। लालू के इस बयान पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। श्रवण अग्रवाल ने कहा कि जब शराब बंदी कानून बिहार में लागू हुआ था उस वक्त लालू यादव के नेतृत्व में पूरी राष्ट्रीय जनता दल ने ही इस कानून का सदन में समर्थन किया था।
आज लालू प्रसाद यादव शराब माफियाओं की वकालत कर शराबबंदी कानून खत्म करने की मांग कर रहे है जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं। राजद सुप्रीमों के बयान से यह स्पष्ट है कि बिहार में अवैध शराब के कारोबार में राजद के नेता शामिल हैं और शराब माफियाओं को राष्ट्रीय जनता दल राजनीतिक संरक्षण प्रदान कर रहा है।
श्रवण अग्रवाल ने कहा कि लालू यादव जब सरकार में साझीदार थे तब उन्हें शराबबंदी पसन्द थी लेकिन अब बेरोजगार हो गए है तो शराबबंदी उन्हें बुरी लग रही हैं। शराब के गोरखधंधे में लालू परिवार और उनके चट्टे-बट्टे पहले से संलिप्त रहे हैं।
अब बेरोजगारी के दौर में शराब के कारोबार में ही अपने परिवार और पार्टी का भविष्य तलाश रहे हैं। जनता इनकी असलियत पहचान चुकी है। इनके लिए बिहार में कोई संभावना नहीं बची हैं। अब इन्हें अपना भविष्य शराब के धंधे में ही दिख रहा है। मेरी सलाह है कि बिहार में शराबबंदी है, लालू यादव झारखंड में अपने परिवार समेत बस जाएं और वहां शराब के रोजगार से अपनी बेरोजगारी मिटाये।