Hindi News / news / सरकार के खिलाफ हल्लाबोल: पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, जवाब में पुलिस...

सरकार के खिलाफ हल्लाबोल: पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, जवाब में पुलिस पर रोड़ेबाजी, कई गिरफ्तार

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 01, 2023, 2:36:44 PM

सरकार के खिलाफ हल्लाबोल: पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, जवाब में पुलिस पर रोड़ेबाजी, कई गिरफ्तार

- फ़ोटो

PATNA: बिहार में शिक्षकों की बहाली में दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को भी मौका दिए जाने के सरकार के फैसले के लिए बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतर गए हैं और सरकार के इस फैसले का विरोध जता रहे हैं। शिक्षक बहाली में डोमिसाइल नीति को लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। लाठीचार्ज के बाद गुस्साए शिक्षक अभ्यर्थियों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।


दरअसल, बिहार सरकार ने नई अध्यापक नियमावली में संशोधन किया है। इस संशोधन के बाद अब दूसरे राज्यों के युवा भी बिहार में शिक्षक नियुक्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे। पहले बिहार में शिक्षक बनने के लिए राज्य का निवासी होना अनिवार्य था लेकिन सरकार ने कहा है कि बिहार में गणित, विज्ञान और अंग्रेजी के शिक्षक नहीं हैं ऐसे में शिक्षक बहाली में दूसरे राज्यों के युवाओं को मौका दिया जाएगा।


सरकार के इसी फैसले के खिलाफ हजारों की संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतरे हैं और शिक्षक बहाली में डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारी शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज कर दिया और उन्हें खदेड़ डाला। जिसके बाद शिक्षक अभ्यर्थियों ने भी पुलिस पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी और पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है।