1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Tue, 03 Feb 2026 05:06:45 PM IST
- फ़ोटो File
Budget Session 2026: बिहार विधानसभा में आज वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने 3.47 लाख करोड़ का बजट पेश किया, जो राज्य का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, किसानों और महिलाओं पर खास जोर दिया गया है। बजट को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का रिएक्शन सामने आया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, “आज बिहार विधानमंडल में माननीय वित्त मंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव जी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। यह विकसित बिहार का संकल्प पूरा करने वाला बजट है। न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित इस बजट में सभी क्षेत्रों तथा किसानों, उद्यमियों, युवाओं एवं महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। यह सम्पूर्ण, समावेशी एवं विकास को बढ़ावा देने वाला बजट है। इस साल बिहार का बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रूपए से अधिक का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30 हजार करोड़ रूपए से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार की विकास दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
यह बजट हमारी सरकार द्वारा लागू किए गए सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को पूरा करने में काफी मददगार साबित होगा। हमलोगों ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। राज्य में वित्तीय संसाधनों का उचित प्रबंधन कर युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार के लिए 2 लाख रूपए की सहायता हेतु भी प्रावधान किया गया है। राज्य में उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह बजट प्रत्येक परिवार को अवसर प्रदान करने, प्रत्येक युवा के कौशल विकास और महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्यों को पूरा करेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में हमारे प्रयास से हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रावधान भी इस बजट में किए गए हैं। बिहार बजट 2026-27 राज्य की अर्थव्यवस्था के विकास की गति को तेज करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।
राज्य सरकार के अपने राजकोषीय संसाधनों के समुचित प्रबंधन से बिहार का विकास तीव्र गति से हो सकेगा। बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अगले कुछ वर्षों में बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा।“