बाल-बाल बचे डिप्टी सीएम, केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

Deputy CM Helicopter: लखनऊ से कौशांबी जा रहे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने से लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान केबिन में धुआं भर गया था, हालांकि सभी लोग सुरक्षित हैं।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 07, 2026, 12:40:40 PM

Deputy CM Helicopter

बड़ा हादसा टला - फ़ोटो Google

Deputy CM Helicopter: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार (7 मार्च) को लखनऊ के ला मार्ट्स मैदान से हेलीकॉप्टर द्वारा कौशांबी जा रहे थे। इसी दौरान हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। 


इस दौरान हेलीकॉप्टर का केबिन धुएं से भर गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस घटना में उपमुख्यमंत्री बाल-बाल बच गए और किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।


जानकारी के अनुसार उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर के केबिन में धुआं भरने लगा। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया और आपातकालीन लैंडिंग कराई। 


बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में उपमुख्यमंत्री के साथ पायलट, एक सहयोगी और एक पीएसओ मौजूद थे। सभी लोग सुरक्षित हैं और फिलहाल केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ एयरपोर्ट पर ही मौजूद हैं। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों से हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और विशेषज्ञों की टीम खराबी के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


दरअसल, उपमुख्यमंत्री कौशांबी में आयोजित सरस महोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसके अलावा उन्हें पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद करना था और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी निर्धारित थी। कार्यक्रम के दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करने वाले थे।