1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sat, 07 Feb 2026 12:34:18 PM IST
पप्पू यादव के समर्थन में उतरे राहुल गांधी - फ़ोटो Google
Pappu Yadav: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पुलिस ने एक पुराने मामले में पटना से गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार की देर रात कोर्ट के आदेश पर पुलिस पप्पू यादव के पटना स्थित आवास पहुंची और उन्हे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला है।
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बिहार की नीतीश सरकार ने पप्पू यादव को प्रतिशोध में गिरफ्तार कराया है, क्योंकि वह नीट छात्रा की मौत मामले को मजबूती के साथ उठा रहे थे। उन्होंने कहा है कि बिहार पुलिस ने पप्पू यादव को इसलिए गिरफ्तार किया है ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “पटना में NEET की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है। पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जाँच और न्याय की माँग की, तो वही पुराना भाजपा-NDA मॉडल सामने आ गया - केस को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो। इस बेटी के लिए न्याय की आवाज़ बनकर साथी सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। आज उनकी गिरफ़्तारी साफ़ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही माँगने वाली हर आवाज़ को डराया और दबाया जा सके।
सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती। यह एक भयावह साज़िश और खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा करती है, जहाँ और भी बेटियाँ शिकार बन रही हैं और सत्ता इस खौफ़नाक सच्चाई से आँखें मूँद कर बैठी है। यह राजनीति नहीं, इंसाफ़ का सवाल है। यह बिहार की बेटी की इज़्ज़त और सुरक्षा का सवाल है”।