1st Bihar Published by: KHUSHBOO GUPTA Updated Feb 11, 2025, 12:56:55 PM
मुस्लिम भाई के घर भात मांगने पहुंचीं मंत्री गुलाब देवी - फ़ोटो google
State Minister Gulab Devi: उत्तर प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने अपनी बेटी सुगंधा सिंह की शादी से पहले अपने मुंहबोले भाई, कांग्रेसी नेता सलीम सैफी के घर जाकर भात मांगा। ये शादी से पहले भाई द्वारा दिया जाने वाला एक उपहार है। इस अवसर ने हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की और सलीम के घर में खुशियों का माहौल बना दिया।
दरअसल गुलाब देवी और सलीम सैफी के बीच भाई-बहन का रिश्ता लगभग 25 सालों से कायम है। दोनों पहले कांग्रेस पार्टी में साथ थे, लेकिन अब अलग-अलग राजनीतिक दलों में होने के बावजूद उनके रिश्ते में कोई कमी नहीं आई है। गुलाब देवी, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं, हर साल रक्षाबंधन पर सलीम सैफी को राखी बांधती आ रही हैं। सलीम भी भाई का फर्ज निभाते हुए उनकी बेटियों की शादी में भात देने की परंपरा निभाते हैं।
भाई-बहन के इस खास रिश्ते के कारण इस बार भी अपनी बेटी की शादी के अवसर पर, गुलाब देवी ने सलीम सैफी के घर जाकर भात मांगा, जिसे सलीम ने खुशी-खुशी स्वीकार किया। इस रिश्ते ने समाज में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया है। भाई के घर बहन के पहुंचते ही सलीम सैफी खुश हो गये। सलीम ने परिवार समेत उन्हें शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। आपको बता दें कि इससे पहले भी सलीम ने राज्यमंत्री की दो बेटियों की शादी में भात देकर भाई का फर्ज निभाया है।