1st Bihar Published by: Viveka Nand Updated Mar 10, 2026, 5:07:11 PM
- फ़ोटो self
Bihar News: पुलिस-खनन और परिवहन के अधिकारियों की मनमानी से ट्रक मालिक परेशान हैं. भोजपुर पुलिस ने 9 मार्च की देर शाम कई गाड़ियों का चालान काट दिया. इसके बाद विवाद बढ़ गया है. ट्रक मालिकों का कहना है कि पुलिस को 500 रू नहीं दिए तो 5-5 हजार रू का चालान काट दिया. शिकायत के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और फाइन काटने वाले दारोगा से पूछताछ की.
भोजपुर जिला ट्रक एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अजय यादव ने आज मुख्यमंत्री से लेकर भोजपुर के डीएम-एसपी से लिखित शिकायत की. जिसमें भोजपुर पुलिस के एक दारोगा पर गंभीर आरोप लगाए. आरोप है कि 9 मार्च की शाम 9 बजकर 14 मिनट पर खाली ट्रक गुजर रहा था. इसी बीच गजराजगंज थाने की पुलिस गश्ती पर तैनात दारोगा ने गाड़ी चालक से 500 रू की मांग की. जब उसने इनकार किया तो पुलिस अधिकारी ने गलत साइन में गाड़ी परिचालन का 5000 रू का फाइन काट दिया. संघ के अध्यक्ष अजय यादव जिनकी गाड़ी का फाइन काटा गया है, उनका कहना है कि यह पूरी तरह से गलत है. गाड़ी अपने साइड में चल रही थी, लेकिन दारोगा जी को पैसे नहीं दिए तो चालान काट दिया.
भोजपुर ट्रक एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अजय यादव ने इसकी शिकायत तमाम वरीय अधिकारियों से की. साथ ही जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया. इसके बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और आनन-फानन में भोजपुर पुलिस के एएसपी जांच को पहुंचे. पुलिस के वरीय अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर दारोगा से पूछताछ की है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है.