1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 24, 2026, 5:05:10 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (पटना), एसटीएफ और सदर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय हीरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। इस कार्रवाई में कुल पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 221 ग्राम हीरोइन बरामद की गई है। बरामद हीरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 से 80 लाख रुपये आंकी जा रही है।
प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. केतन अशोक इंगोले ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, पटना से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध तस्कर हीरोइन की खेप लेकर दरभंगा के दिल्ली मोड़ बस स्टैंड पहुंचने वाले हैं और वहां से पटना जाने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड पर घेराबंदी की।
जैसे ही संदिग्ध बस से उतरे, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 18 पैकेट में कुल 221 ग्राम हीरोइन बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में ही पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
गिरफ्तार तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने पटना में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मनीष सिंह (30 वर्ष) और कन्हैया कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके पास से भी 10 पैकेट हीरोइन बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थानीय थाना के हवाले कर दिया गया है।
पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ है कि इस गिरोह का नेटवर्क अंतर्राज्यीय स्तर पर फैला हुआ है। हीरोइन की यह खेप असम के गुवाहाटी और सिलचर इलाके से लाई जा रही थी। तस्कर पहले सिलचर से पूर्णिया पहुंचे और वहां से दरभंगा होते हुए पटना ले जाने की योजना थी। पुलिस को बरामद टिकटों से इस पूरे रूट की पुष्टि हुई है।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार तीनों तस्कर मोतिहारी जिले के एक ही गांव के रहने वाले हैं और पहले भी गुवाहाटी में हीरोइन तस्करी के मामले में पकड़े जा चुके हैं। इससे यह भी संकेत मिल रहा है कि गिरोह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था।
सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क के तार नागालैंड तक जुड़े होने की भी आशंका है। वहीं गिरफ्तार पांच आरोपियों में से एक का नेपाल के पोखरा में होटल होने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान जल्द सामने आएगी।