1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 16, 2025, 9:06:34 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Train Accident : जमुई जिले के झाझा रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब बलिया-सियालदाह एक्सप्रेस (13106 डाउन) में चढ़ने के दौरान एक महिला और पुरुष यात्री चलती ट्रेन से फिसलकर गिर पड़े। हालांकि, सतर्क यात्रियों और समय पर ट्रेन के रुक जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना बुधवार सुबह की है जब ट्रेन प्लेटफार्म संख्या दो पर आई। जैसे ही यात्रियों ने बोगियों में चढ़ना शुरू किया, ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगी। भीड़-भाड़ वाले सामान्य डिब्बे में चढ़ने की कोशिश में एक महिला का पैर फिसल गया और वह गिरने लगी। महिला को गिरता देख एक पुरुष यात्री ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह खुद भी संतुलन खो बैठा।
प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर ट्रेन चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाई और ट्रेन को रोक दिया। दोनों यात्री कुछ दूरी तक प्लेटफॉर्म पर घिसटते चले गए, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। आरपीएफ और अन्य यात्रियों की मदद से दोनों को तुरंत उठाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद वे फिर से उसी ट्रेन में सवार होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।