Coal Mining Accident: कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट, 10 मजदूरों की मौत, कई के मलबे में फंसे होने की आशंका

Coal Mining Accident: मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में एक अवैध कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट से 10 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Thu, 05 Feb 2026 06:14:12 PM IST

Coal Mining Accident

- फ़ोटो Google

Coal Mining Accident: मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले के एक सुदूरवर्ती इलाके में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में भीषण डायनामाइट विस्फोट हो गया। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में अभी और भी मजदूर फंसे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।


विस्फोट की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, फोरेंसिक विशेषज्ञ, एसडीआरएफ और अग्निशमन सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। ईस्ट जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि यह हादसा डायनामाइट विस्फोट के कारण हुआ है। अब तक खदान से चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि झुलसे हुए एक घायल व्यक्ति को इलाज के लिए शिलांग रेफर किया गया है।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक पहाड़ी पर अवैध रूप से कोयला खनन किया जा रहा था। विस्फोट के बाद पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे कई खनिक मलबे में दब गए। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। बता दें कि इससे पहले 23 दिसंबर 2025 को भी इसी जिले के थांगस्को गांव में एक विस्फोट हुआ था, जिसमें दो खनिकों की मौत हो गई थी।


उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने अप्रैल 2014 में मेघालय में खतरनाक और अवैज्ञानिक ‘रैट-होल’ कोयला खनन पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद राज्य में अवैध कोयला खनन और परिवहन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मेघालय हाई कोर्ट द्वारा कोयला मामलों की निगरानी के लिए नियुक्त न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) ब्रोजेंद्र प्रसाद काटाके ने भी अवैध खनन जारी रहने पर चिंता जताई थी।