1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Thu, 05 Feb 2026 04:40:41 PM IST
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: किशनगंज जिले की बहादुरगंज पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुपारी हत्या के एक सनसनीखेज मामले का मात्र 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के झिलझिली गांव निवासी 46 वर्षीय मंजर आलम की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और डंडा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 फरवरी की रात निशान्दरा के पास सड़क किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान मंजर आलम के रूप में हुई। इस संबंध में मृतक की पत्नी परवीन बेगम के आवेदन पर बहादुरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। अनुसंधान में पता चला कि मंजर आलम और उसके सगे भाई संजर आलम के बीच लंबे समय से पारिवारिक रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते संजर आलम ने अपने साथी मोहम्मद मुनवर को तीन लाख रुपये की सुपारी देकर भाई की हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत आरोपियों ने मंजर आलम को सुनसान स्थान पर ले जाकर डंडे से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन नष्ट किया और शव को नदी में फेंकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटा लिए, जिससे पूरा मामला जल्द सुलझ गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य साजिशकर्ता संजर आलम (32 वर्ष) के अलावा मोहम्मद मुनवर आलम (21 वर्ष), बाबू आलम (28 वर्ष), शहबाज आलम (27 वर्ष) और नफीस आलम (27 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी बहादुरगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।