Hindi News / bihar / patna-news / Bihar News: एक महीने से लापता जज का अब तक नहीं कोई सुराग,...

Bihar News: एक महीने से लापता जज का अब तक नहीं कोई सुराग, बेटे ने लगाई हाई कोर्ट में गुहार

Bihar News: बिहार के रिटायर्ड जज बिंदेश्वरी प्रसाद यादव 15 मई से हैं लापता, बेटे अनिल कुमार ने पटना हाईकोर्ट में SIT जांच की मांग की। एक महीने बाद भी कोई सुराग नहीं।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 25, 2025, 1:26:03 PM

Bihar News

प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 80 वर्षीय रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिंदेश्वरी प्रसाद यादव 15 मई 2025 से लापता हैं। उनके बेटे और पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता अनिल कुमार ने अपने पिता को खोजने के लिए अब पटना हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अनिल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मामले की गहन जांच और विशेष जांच दल के गठन की मांग की है। एक महीने बीत जाने के बावजूद कोई सुराग न मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है।


परिजनों के अनुसार बिंदेश्वरी प्रसाद यादव 15 मई 2025 को पटना के कौटिल्य नगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर से अचानक लापता हो गए थे। परिवार ने हर संभव प्रयास किया लेकिन उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। 22 मई 2025 को पटना के एयरपोर्ट थाने में इस संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज की गई। अनिल कुमार ने याचिका में बताया कि उन्होंने और उनके परिवार ने अपने स्तर पर पिता को खोजने की कोशिश की। जिसमें स्थानीय पुलिस, रिश्तेदारों और अन्य माध्यमों का सहारा लिया गया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।


अब परिवार ने हाईकोर्ट से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है ताकि रिटायर्ड जज का पता लगाया जा सके। अनिल कुमार ने अपनी याचिका में पिता के लापता होने की परिस्थितियों का विस्तृत विवरण दिया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता 80 साल के हैं और लंबे समय तक न्यायिक सेवा में रहे। वह अचानक गायब हो गए और पुलिस की अब तक की जांच से कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है। याचिका में विशेष जांच दल के गठन की मांग की गई है, ताकि इस मामले की तह तक जाया जा सके।


22 मई को दर्ज प्राथमिकी के बाद एयरपोर्ट थाना पुलिस ने जांच शुरू की थी लेकिन एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद भी कोई प्रगति नहीं हुई। पुलिस ने आसपास के इलाकों में खोजबीन, सीसीटीवी फुटेज की जांच और संदिग्धों से पूछताछ भी की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस नाकामी ने ही परिवार को हाईकोर्ट का रुख करने के लिए मजबूर किया है।