Rajya Sabha Election : “हम पांचों उम्मीदवार हैं…” राज्यसभा चुनाव से पहले विजय चौधरी का बड़ा दावा, AIMIM से बातचीत को लेकर भी आया जवाब

बिहार राज्यसभा चुनाव को लेकर मंत्री विजय चौधरी का बड़ा बयान। कहा – NDA को पांचों सीटों पर जीत का भरोसा, AIMIM से बातचीत से किया इनकार।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 15, 2026, 10:50:44 AM

Rajya Sabha Election : “हम पांचों उम्मीदवार हैं…” राज्यसभा चुनाव से पहले विजय चौधरी का बड़ा दावा, AIMIM से बातचीत को लेकर भी आया जवाब

- फ़ोटो

Rajya Sabha Election : बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी ने बड़ा बयान देते हुए दावा किया है कि एनडीए को पांचों सीटों पर जीत हासिल होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी और गठबंधन के नेताओं के बीच लगातार बैठकों का दौर चल रहा है और उन्हें परिणाम को लेकर कोई संदेह नहीं है।


मंत्री विजय चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एनडीए पूरी तरह से एकजुट है और सभी विधायक अपने-अपने स्तर पर सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन की रणनीति स्पष्ट है और इसी के आधार पर चुनाव में सफलता मिलेगी। उनके मुताबिक, “मीटिंग का दौर लगातार चल रहा है और हमें बिल्कुल भी संदेह नहीं है कि हम लोग सीधे तौर पर पांचों सीटों पर चुनाव जीत रहे हैं।”


राजनीतिक गलियारों में एआईएमआईएम के संभावित समर्थन को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विजय चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। जब उनसे पूछा गया कि क्या एआईएमआईएम से बातचीत चल रही है, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनकी पार्टी की अभी तक एआईएमआईएम से कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि राजनीति में अलग-अलग दलों के बीच सामान्य बातचीत होती रहती है, लेकिन इस मुद्दे पर जदयू की ओर से कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है।


विजय चौधरी ने महागठबंधन को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन की कोई दाल गलने वाली नहीं है। उनके अनुसार एनडीए पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है और संख्या बल के आधार पर जीत तय है।


जब उनसे पूछा गया कि एनडीए की ओर से पांचवां उम्मीदवार कौन होगा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि “हम पांचों ही उम्मीदवार हैं।” उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में आत्मविश्वास और गठबंधन की मजबूती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।


राजनीतिक गतिविधियों के बीच यह भी चर्चा में है कि राष्ट्रीय जनता दल ने अपने विधायकों को एक होटल में रखा है। इस सवाल पर विजय चौधरी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि इससे ही समझा जा सकता है कि घबराहट किस खेमे में है। उन्होंने कहा कि एनडीए के विधायक पूरी तरह से स्वतंत्र रूप से घूम रहे हैं और एक-दूसरे से मिल रहे हैं।


विजय चौधरी ने कहा, “अगर किसी पार्टी को अपने विधायकों को एक जगह इकट्ठा करके रखना पड़ रहा है, तो उससे साफ है कि हड़कंप कहां मचा हुआ है। हम लोग तो सड़क पर घूम रहे हैं, एक-दूसरे से मिल रहे हैं और पूरी तरह आश्वस्त हैं।”


उन्होंने यह भी बताया कि राज्यसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने विधायकों को व्हिप जारी कर दिया है। इसके तहत सभी विधायकों को पार्टी के निर्देश के अनुसार मतदान करना होगा। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है और हर चुनाव में ऐसा होता है।


बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर होने वाला यह चुनाव काफी दिलचस्प माना जा रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपने-अपने दावों के साथ मैदान में हैं। हालांकि जदयू नेता विजय चौधरी के बयान से साफ है कि एनडीए अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है और विपक्ष के दावों को गंभीरता से नहीं ले रहा।