1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 12, 2026, 12:12:28 PM
- फ़ोटो Reporter
Patna Gas Cylinder Crisis: राजधानी पटना में इन दिनों रसोई गैस की कमी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सुबह होते ही लोग गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े हो जाते हैं और अपनी बारी का इंतजार करते हैं, लेकिन कई बार नंबर आने से पहले ही गैस खत्म हो जाती है। पिछले तीन दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे लोगों का कहना है कि घर में एक वक्त का खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। इन सबके बीच जिला प्रशासन ने बड़ी राहत दी है।
पटना डीएम त्याग राजन एसएम के निर्देश पर घरेलू LPG गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने तथा इसके अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन स्थापित किया गया है। कोई भी उपभोक्ता या आम जनता इस संबंध में सूचना, शिकायत या जानकारी 9 बजे सुबह से 6 बजे शाम तक हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 पर दे सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, पटना में गैस एजेंसी के बाहर लोगों का गुस्सा साफ देखने को मिला। कई लोगों ने सरकार और सिस्टम के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वे किराए के मकान में रहते हैं और उनके पास गैस का स्थायी नंबर नहीं है। पहले वे किसी तरह वेंडर से गैस लेकर अपना गुजारा कर लेते थे, लेकिन अब वेंडर भी गैस देने को तैयार नहीं हैं।
लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से पूरा परिवार किसी तरह बिस्कुट और पानी के सहारे दिन काट रहा है, क्योंकि घर में गैस खत्म हो चुकी है। उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही गैस मिल जाएगी, लेकिन जैसे-जैसे समय बीत रहा है, उनकी परेशानी और गुस्सा दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े लोगों का कहना है कि अब तो नंबर लगवाने के बाद भी गैस मिलना तय नहीं है। एक व्यक्ति ने बताया कि उसे डीएससी नंबर भी मिल चुका है, लेकिन इसके बावजूद कई दिनों से खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गैस एजेंसी की ओर से बाहर एक सूचना चिपकाई गई है, जिसमें बताया गया है कि एक बार गैस लेने के बाद अगला नंबर एक महीने बाद ही लगाया जाएगा। इसके बाद भी सिलेंडर की उपलब्धता के आधार पर ही गैस दी जाएगी। लोगों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो राजधानी में रसोई गैस की समस्या और गंभीर हो सकती है।