1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 12, 2026, 1:37:18 PM
- फ़ोटो
RRB Exam : गोरखपुर में रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से आयोजित टेक्निकल ग्रेड-3 परीक्षा के दौरान नकल का एक मामला सामने आया है। परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी को अपने हाथ पर मैथ्स और साइंस के फार्मूले लिखकर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। संदेह होने पर कक्ष निरीक्षक ने उसकी जांच की, जिसके बाद नकल का खुलासा हुआ। इस मामले में रेलवे आब्जर्वर की शिकायत पर चिलुआताल थाने में अभ्यर्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय रेलवे में विभिन्न तकनीकी ट्रेडों जैसे फिटर, इलेक्ट्रीशियन और वेल्डर के पदों पर भर्ती के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से टेक्निकल ग्रेड-3 की परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा 6, 9, 10 और 13 मार्च को अलग-अलग पालियों में आयोजित हो रही है। परीक्षा ऑनलाइन यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के रूप में ली जा रही है। कुल 100 अंकों की इस परीक्षा में गणित, रीजनिंग, सामान्य विज्ञान और सामान्य जागरूकता से जुड़े प्रश्न पूछे जा रहे हैं। साथ ही इसमें नेगेटिव मार्किंग भी लागू है, जिसमें प्रत्येक गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक काटा जाता है।
बताया जा रहा है कि गोरखपुर के फर्टिलाइजर क्षेत्र स्थित एक परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान लैब-2 में ड्यूटी पर तैनात कक्ष निरीक्षक अफसाना की नजर एक अभ्यर्थी पर पड़ी, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। शक होने पर उन्होंने अभ्यर्थी को रोककर उसकी जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान कक्ष निरीक्षक को अभ्यर्थी के बाएं हाथ पर कुछ लिखा हुआ दिखाई दिया। ध्यान से देखने पर पता चला कि हाथ पर गणित और विज्ञान से जुड़े कई फार्मूले लिखे हुए थे। जब इस बारे में अभ्यर्थी से पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद कक्ष निरीक्षक ने तुरंत इस मामले की सूचना वीसीओ नितिन पांडेय को दी।
इसके बाद पूरे मामले की जानकारी रेलवे के आब्जर्वर विटेलियस बेक को दी गई। आब्जर्वर ने इस घटना की सूचना रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड, गोरखपुर को दी। रेलवे भर्ती बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया।
निर्देश मिलने के बाद रेलवे आब्जर्वर विटेलियस बेक चिलुआताल थाने पहुंचे और अभ्यर्थी के खिलाफ लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराई। पकड़े गए अभ्यर्थी की पहचान बिहार के मधुबनी जिले के फलपरास क्षेत्र के महादेव गांव निवासी राजन प्रकाश के रूप में हुई है। इसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चिलुआताल पुलिस के हवाले कर दिया गया। चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि रेलवे आब्जर्वर की तहरीर पर अभ्यर्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि रेलवे की इस भर्ती प्रक्रिया के तहत टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) और टेक्नीशियन ग्रेड-III के पदों पर भर्ती की जानी है। टेक्नीशियन ग्रेड-I सिग्नल के 183 पद और टेक्नीशियन ग्रेड-III के 6055 पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। टेक्नीशियन ग्रेड-I लेवल-5 का पद है, जबकि टेक्नीशियन ग्रेड-III लेवल-2 के अंतर्गत आता है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (सीबीटी), मेडिकल टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। सीबीटी परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू है, जिसके तहत हर गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक काटे जाएंगे। रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और सख्त नियमों के साथ परीक्षा आयोजित की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या गड़बड़ी को रोका जा सके।