तिरंगे के साथ जश्न बना विवाद! हार्दिक पंड्या पर शिकायत, गर्लफ्रेंड के साथ वीडियो पर मचा बवाल

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या मैदान पर गर्लफ्रेंड के साथ जश्न मनाते दिखे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद उनके खिलाफ पुणे में शिकायत दर्ज कराई गई है। इस मामले ने तिरंगे की गरिमा और खिलाड़ियों के जश्न

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 12, 2026, 3:05:31 PM

तिरंगे के साथ जश्न बना विवाद! हार्दिक पंड्या पर शिकायत, गर्लफ्रेंड के साथ वीडियो पर मचा बवाल

- फ़ोटो

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों का जश्न पूरी दुनिया ने देखा। लेकिन इसी जश्न के बीच भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अब एक विवाद में घिर गए हैं। मैदान पर गर्लफ्रेंड के साथ जश्न मनाते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।


वर्ल्ड कप जीत के बाद मैदान पर जश्न

दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में जीत के बाद अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया के खिलाड़ी जश्न मना रहे थे। उस समय खिलाड़ियों के परिवार के लोग भी मैदान पर आ गए थे। सभी खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ फोटो खिंचवा रहे थे, डांस कर रहे थे और इंटरव्यू दे रहे थे।


इसी दौरान हार्दिक पंड्या भी अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ मैदान पर नजर आए। दोनों जीत की खुशी में साथ समय बिताते और जश्न मनाते दिखाई दिए। इस दौरान हार्दिक के कंधे पर तिरंगा भी लिपटा हुआ था।


तिरंगे की गरिमा को लेकर उठे सवाल

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है। आरोप लगाया गया है कि हार्दिक पंड्या तिरंगा लपेटे हुए अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रोमांटिक अंदाज में नजर आए, जिससे राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा को ठेस पहुंची है।


वकील ने दर्ज कराई शिकायत

इस मामले में पुणे के रहने वाले एडवोकेट वाजिद खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की शान है और हर नागरिक का कर्तव्य है कि उसकी गरिमा बनाए रखे।


वाजिद खान के अनुसार, वर्ल्ड कप जीत के बाद हार्दिक पंड्या जश्न में इतने मशगूल थे कि उन्हें यह ध्यान नहीं रहा कि उनके शरीर पर तिरंगा लिपटा हुआ है। उनका मानना है कि इस तरह की हरकत राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान कम करती है।


पुणे के शिवाजीनगर थाने में शिकायत

वकील ने पुणे के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर लिखित शिकायत दी है। हालांकि पुलिस ने उन्हें बताया कि घटना अहमदाबाद में हुई थी, लेकिन शिकायतकर्ता का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए इसकी शिकायत कहीं भी दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली है और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


सोशल मीडिया पर भी छिड़ी बहस

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग हार्दिक पंड्या की आलोचना कर रहे हैं, जबकि कई लोग उनके समर्थन में भी सामने आए हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि खिलाड़ी सिर्फ जीत की खुशी मना रहे थे, जबकि कुछ का मानना है कि तिरंगे के साथ जश्न मनाते समय ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।


निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में

गौरतलब है कि हार्दिक पंड्या पिछले कुछ समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। उनकी शादी सर्बियाई मॉडल और अभिनेत्री नताशा स्टानकोविक से हुई थी, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए। इस शादी से उनका एक बेटा अगस्त्य भी है। हाल के समय में उनका नाम मॉडल महिका शर्मा के साथ जोड़ा जा रहा है।