Hindi News / bihar / patna-news / Bihar Police Conference: सीमांचल में राज्य स्तरीय पुलिस कॉन्फ्रेंस की तैयारियां तेज, केंद्रीय...

Bihar Police Conference: सीमांचल में राज्य स्तरीय पुलिस कॉन्फ्रेंस की तैयारियां तेज, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हो सकते हैं शामिल

पूर्णिया में राज्य स्तरीय पुलिस कॉन्फ्रेंस की तैयारियां तेज हैं। 14–15 दिसंबर को प्रस्तावित बैठक में वरीय पुलिस अधिकारी और बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी सुरक्षा पर मंथन करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Dec 06, 2025, 12:28:44 PM

Bihar Police Conference

- फ़ोटो Google

Bihar Police Conference: बिहार की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए सीमांचल क्षेत्र के पूर्णिया में राज्य स्तरीय पुलिस कॉन्फ्रेंस आयोजित होने जा रही है। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर के वरीय पुलिस अधिकारियों का जमावड़ा लगेगा। पहली बार पुलिस महकमे के वरिष्ठतम अधिकारियों के साथ बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी एक साझा बैठक करेंगे। सम्मेलन की मेजबानी के लिए पूर्णिया जिला पुलिस ने तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।


सूत्रों के अनुसार, दो दिवसीय यह कार्यक्रम 14 और 15 दिसंबर को पूर्णिया के एक प्रतिष्ठित होटल में होने की संभावना है, हालांकि तिथि और स्थान को लेकर अंतिम घोषणा अभी बाकी है। इस दौरान सीमांचल सहित पूरे बिहार की आंतरिक सुरक्षा, अपराध नियंत्रण रणनीति और पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर विस्तृत मंथन किया जाएगा। 


गृह मंत्री सम्राट चौधरी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न सुरक्षा बिंदुओं पर समीक्षा करेंगे। कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि उन्हें औपचारिक निमंत्रण भेजा गया है और उनके शामिल होने की संभावना प्रबल मानी जा रही है।


पूर्णिया में इस तरह के बड़े आयोजन का कारण आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि सीमांचल क्षेत्र पर राज्य सरकार की विशेष निगाह है। यह क्षेत्र नेपाल, पश्चिम बंगाल और झारखंड की सीमाओं से लगा होने के साथ सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। 


किशनगंज जिला पश्चिम बंगाल की सीमा से जुड़ा है, जबकि इसी क्षेत्र के निकट बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमा भी स्थित है। इस कारण उत्तर बिहार की सुरक्षा के लिहाज़ से सीमांचल का महत्व और बढ़ जाता है। इसी रणनीतिक महत्व को देखते हुए पूर्णिया में प्रस्तावित यह राज्य स्तरीय पुलिस कॉन्फ्रेंस बेहद अहम मानी जा रही है।