1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 06, 2026, 5:06:38 PM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के समस्तीपुर में रिश्तों के उलझे जाल और लगातार मानसिक दबाव के बीच एक बीपीएससी शिक्षक ने आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव निवासी 32 वर्षीय तरुण कुमार के रूप में हुई है, जो समस्तीपुर के अपग्रेड मिडिल स्कूल, रामपुर केशोपट्टी में शिक्षक के पद पर कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि तरुण कुमार की शादी साल 2017 में राइमा प्रसाद से हुई थी, जो खुद भी सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। वर्ष 2023 में दोनों का चयन बीपीएससी के तहत हुआ और उनकी पोस्टिंग समस्तीपुर में हुई। इसके बाद दोनों मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलोथ स्थित वस्तु विहार में एक फ्लैट लेकर रहने लगे।
इसी दौरान तरुण की मुलाकात नालंदा की एक युवती से हुई, जो पेशे से शिक्षिका बताई जा रही है। शुरुआत में यह पहचान दोस्ती में बदली और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। मामला तब गंभीर हो गया जब उक्त युवती ने तरुण पर अपनी पत्नी को तलाक देने और उससे शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
परिवार के मुताबिक, तरुण इस स्थिति में पूरी तरह फंस गया था। एक तरफ पत्नी और परिवार था, तो दूसरी तरफ प्रेमिका का लगातार बढ़ता दबाव। बताया जा रहा है कि पत्नी राइमा ने इस विवाद को सुलझाने के लिए समझौते का रास्ता भी अपनाने की कोशिश की और यहां तक कहा कि वह दोनों के साथ रहने को तैयार है, लेकिन प्रेमिका इस बात पर अड़ी रही कि पहले तलाक हो, तभी रिश्ता आगे बढ़ेगा।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रेमिका ने पुलिस में शिकायत करने की धमकी भी देनी शुरू कर दी। लगातार बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव के कारण तरुण कुमार पूरी तरह टूट गया।
घटना वाली रात भी तरुण के मोबाइल पर प्रेमिका का फोन आया था। परिजनों के अनुसार, वह फोन पर बात करते हुए घर की छत पर चला गया और काफी देर तक वहीं रहा। इसके बाद वह नीचे आया और अपने कमरे में चला गया।
अगली सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो पत्नी को शक हुआ। उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देख सब स्तब्ध रह गए—तरुण कुमार पंखे से लटका हुआ था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता अभिनव कुमार के बयान पर मुसरीघरारी थाना में प्रेमिका के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
परिजनों का कहना है कि तरुण मानसिक रूप से बेहद परेशान था और लगातार दबाव में जी रहा था। उसके एक छोटे बेटे की भी जिम्मेदारी थी, जिसके सिर से अब पिता का साया उठ गया है।