1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 21, 2026, 10:32:30 AM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भीषण आगलगी की घटनाओं से हड़कंप मच गया। वारिसनगर और उजियारपुर प्रखंड में लगी आग से लाखों रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पहली घटना वारिसनगर प्रखंड के छोटी गोही गांव की है, जहां एक टेंट गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन शुरुआती प्रयास नाकाफी साबित हुए।
बाद में दमकल की टीम को सूचना दी गई, जिसके बाद काफी मशक्कत और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक गोदाम में रखा टेंट और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। इस घटना में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
पीड़ित टेंट हाउस संचालक मोहम्मद परवेज ने आरोप लगाया है कि उन्होंने एक व्यक्ति को आग लगाकर मौके से भागते हुए देखा था। इस आरोप के बाद मामला और गंभीर हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।
वहीं दूसरी घटना उजियारपुर प्रखंड के योगी चौक स्थित विश्वकर्मा प्लाई एंड हार्डवेयर की दुकान में हुई। यहां भी अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस आगलगी की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।
घटना के करीब एक घंटे बाद दमकल की टीम के पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिला। लोगों का कहना था कि अगर दमकल समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
फिलहाल दोनों ही मामलों में प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आगलगी की इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।