1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 05, 2025, 9:14:35 PM
बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट - फ़ोटो सोशल मीडिया
SHEOHAR: शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड में बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुंच गया है. लगातार हो रही भारी बारिश और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों से छोड़े गए पानी के कारण नदी उफान पर है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है.
नेपाल की तराई इलाकों में लगातार भारी वर्षा के कारण बागमती नदी में पानी का दबाव बढ़ गया है. आज सुबह से ही नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है. बागमती नदी के खतरे का निशान 61.28 मीटर है जो शाम 06 बजे का जलस्तर 62.50 मीटर पर बह रही है. ग्रामीणों ने बताया कि पानी का बहाव इतना तेज है कि नदी के किनारों पर मिट्टी का कटाव शुरू हो गया है.
बाढ़ की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है. जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बागमती डिवीजन को सभी तटबंधों पर 24 घंटे गश्त करने का निर्देश दिया है. उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं सभी तटबंधों का निरीक्षण कर रहे हैं और वर्तमान में सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं. डीएम ने कहा तटबंध मरम्मत में किसी प्रकार की लापरवाही हुई तो कार्रवाई तय है।
शिवहर, समीर कुमार झा