1st Bihar Published by: First Bihar Updated Dec 03, 2025, 9:17:23 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar News: सिवान जिले के महादेवा थाना क्षेत्र के आकोपुर गांव के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की जान चली गई है। हादसे के बाद सदर अस्पताल में परिजनों ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसे काबू करने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात करनी पड़ी।
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कसेरा टोली निवासी प्रकाश सोनी के पुत्र आकाश सोनी (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आकाश देर रात बाइक से किसी जरूरी काम से लौट रहे थे कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में पिकअप सवार कुछ लोग भी घायल हो गए जो इलाज के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती हो चुके हैं।
सूचना मिलते ही महादेवा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल आकाश को सदर अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते नोकझोंक पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने एक युवक की पिटाई भी कर दी। स्थिति बिगड़ने पर मुफ्फसिल थाना, सराय ओपी और महादेवा थाने की अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा। काफी समझाने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हुई।
महादेवा थाना प्रभारी विनीति विनायक ने इस बारे में बताया है कि हादसे में शामिल पिकअप को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज गति और अंधेरा प्रमुख कारण लग रहे हैं। क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, यहाँ हाल के महीनों में कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया है।