Bihar Crime News: बिहार में उत्पाद विभाग की टीम पर फिर से हमला, दारोगा समेत चार जवान घायल; स्कॉर्पियो में तोड़फोड़

Bihar Crime News: औरंगाबाद में उत्पाद विभाग की टीम पर शराब तस्करों के परिजनों और ग्रामीणों ने हमला कर दिया। झारखंड से लौट रहे नशे में धुत तीन आरोपियों को छुड़ाकर स्कॉर्पियो में टक्कर मारी गई।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 09, 2025, 5:42:53 PM

Bihar Crime News

प्रतिकात्मक - फ़ोटो file

Bihar Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिले में मंगलवार देर रात कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबनी गांव के पास असामाजिक तत्वों ने उत्पाद विभाग की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में विभाग के एसआई कृष्ननंदन कुमार, वाहन चालक सुमंत कुमार समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।


सूत्रों के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम झारखंड से शराब पीकर लौट रहे तीन युवकों को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो वाहन में ले जा रही थी। इसी दौरान शराबियों के परिजनों और कुछ ग्रामीणों को इसकी जानकारी लग गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण एक पिकअप वैन से पहुंचे और उत्पाद विभाग की स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। इसके बाद मारपीट कर तीनों आरोपियों को जबरन छुड़ाकर अपने साथ ले गए।


हमले में घायल सभी पुलिसकर्मी टंडवा थाना क्षेत्र के पिछुलिया चेकपोस्ट पर ड्यूटी पर तैनात थे। घटना के बाद घायलों को कुटुंबा के अस्पताल ले जाया गया, जहां से एसआई कृष्ननंदन कुमार और चालक सुमंत कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया गया है।


घटना की सूचना पर कुटुंबा थाना प्रभारी अक्षयवर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक उत्पाद विभाग की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। आवेदन मिलते ही केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।