1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 14, 2026, 7:00:48 PM
- फ़ोटो Google
Badshah death threat: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। एक ओर हरियाणा पुलिस की कार्रवाई का खतरा बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। बताया जा रहा है कि पानीपत में हुई एक फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी लेते हुए गैंग की ओर से एक नोट जारी किया गया है।
जारी नोट में लिखा गया है कि असंध रोड, पानीपत स्थित वेस्टर्न यूनियन से जुड़े गैरी और शैंकी के कार्यालय पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी रंदीप मलिक और अनिल पंडित (यूएसए) लेते हैं। नोट में आरोप लगाया गया है कि ये लोग हवाला के जरिए देश का पैसा विदेश भेजकर अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे थे। गैंग ने दावा किया कि पहले इन्हें फोन कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद वे नहीं माने।
नोट में यह भी कहा गया कि यह घटना केवल “ट्रेलर” है और आगे और कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही हवाला कारोबार में शामिल लोगों को समय रहते सावधान होने की चेतावनी दी गई है।
इसी नोट में सिंगर बादशाह को भी धमकी दी गई है। इसमें लिखा गया कि उन्होंने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है और 2024 में क्लब में उन्हें “ट्रेलर” दिखाया गया था, अगली बार सीधे गोली मारने की धमकी दी गई है। पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप का नाम भी लिखा गया है।
दरअसल, बादशाह इन दिनों अपने हरियाणवी गाने “टटीरी” को लेकर विवादों में हैं। हरियाणा महिला आयोग ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने पुलिस को निर्देश दिया है कि यदि बादशाह जांच में सहयोग नहीं करते हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही जरूरत पड़ने पर उनका पासपोर्ट जब्त करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि वे देश छोड़कर न जा सकें।
देशभर में गाने को लेकर विरोध के बाद बादशाह ने इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर खुद को “प्राउड हरियाणवी” बताते हुए कहा कि उनका इरादा कभी भी हरियाणा के किसी बच्चे या महिला के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का नहीं था।