1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 14, 2026, 5:26:28 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: ईरान–इजरायल–अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच गैस की संभावित किल्लत को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट पर है। इसी बीच मधुबनी जिले के लखनौर थाना क्षेत्र के तमुरिया गांव में एक साइकिल दुकान से भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि साइकिल खरीद-बिक्री, मरम्मत और पंचर बनाने की आड़ में दुकान में बड़ी मात्रा में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर जमा कर कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दर्जनों कॉमर्शियल सिलेंडर और करीब दो दर्जन घरेलू गैस सिलेंडर बरामद कर लिए।
इस मामले में पुलिस ने तमुरिया गांव निवासी जयनारायण महतो के पुत्र लक्ष्मण महतो को गिरफ्तार किया है। झंझारपुर अनुमंडल के पुलिस उपाधीक्षक सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि बरामद सभी गैस सिलेंडर हिंदुस्तान पेट्रोलियम के हैं।
हालांकि गैस एजेंसी संचालक की मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन ने अभी तक किसी एजेंसी संचालक के नाम का खुलासा नहीं किया है। डीएसपी ने कहा कि मामला जांच के अधीन है और अनुसंधान पूरा होने के बाद ही संबंधित एजेंसी संचालक के नाम का खुलासा किया जाएगा।