1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Jun 20, 2025, 6:05:36 PM
- फ़ोटो reporter
Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक थाना अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर इंस्टाग्राम रील बनाता नजर आ रहा है। यह वीडियो साहेबपुर कमाल थाना के चेंबर का है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए बलिया डीएसपी नेहा कुमारी ने बताया कि वीडियो की जांच के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान अभिषेक कुमार, अभिषेक कुमार और दुर्गेश कुमार के रूप में की गई है।
गिरफ्तार अभिषेक कुमार, साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव निवासी अरविंद कुमार सिंह का बेटा है। दूसरे अभिषेक कुमार खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी बाला सिंह का बेटा है, जबकि दुर्गेश कुमार, बेलदौर थाना क्षेत्र के पनसलवा गांव निवासी नीरज कुमार का पुत्र है।
पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक बाइक, चार मोबाइल फोन और एक रॉड भी बरामद किया है। पुलिस जांच में यह सामने आया कि थाना अध्यक्ष के चेंबर में जब कोई नहीं था, तब युवक ने वहां बैठकर वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया, जिससे यह वायरल हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे किसी काम से थाना आए थे और मौके का फायदा उठाकर रील बना ली।