1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 05, 2025, 9:23:40 PM
चुन्नीलाल हत्याकांड का खुलासा - फ़ोटो REPOTER
BETTIAH: बेतिया के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां चुन्नीलाल राम हत्याकांड का बड़ा खुलासा पुलिस ने किया है. पुलिसिया जांच में पता चला है कि मृतक की पत्नी चांदनी देवी ने अपने प्रेमी विशाल कुमार के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। 20 लाख रुपये और जमीन को अपने नाम करवाने के लिए यह साजिश रची गई थी.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, चुन्नीलाल राम का शव 4 जुलाई को बरवत लछ्छू रोड पर मिला था। शव पर चोट के निशान थे और गला दबाकर हत्या की गई थी. एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि फॉरेंसिक टीम और आधुनिक तकनीक की मदद से जांच की गई. जांच में सामने आया कि चांदनी देवी का विशाल कुमार के साथ अवैध संबंध था. दोनों ने मिलकर चुन्नीलाल से जमीन खरीदने के लिए 31 लाख रुपये लिए थे, जिसमें से 11 लाख रुपये जमीन के मालिक को दिए गए थे.
चांदनी देवी जमीन को अपने नाम करवाना चाहती थी, जिसके लिए उसने अपने पति की हत्या की साजिश रची. विशाल कुमार ने इस साजिश में उसका साथ दिया. 3 जुलाई को चुन्नीलाल को फोन करके बुलाया गया और अगले दिन उसका शव बरामद हुआ. इस हत्याकांड ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. लोग यह सोचकर हैरान हैं कि एक पत्नी अपने पति को सिर्फ संपत्ति के लालच में मौत के घाट उतार सकती है.मुफ्फसिल थाना की पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई की. शव मिलने के बाद तुरंत जांच शुरू की गई और वैज्ञानिक तरीकों से सबूत जुटाए गए. चांदनी देवी और विशाल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. इस खुलासे ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस घटना पर चर्चा कर रहे हैं.
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट