1st Bihar Published by: Ajit Kumar Updated Feb 12, 2025, 2:58:04 PM
चौकीदार के भाई की हत्या - फ़ोटो reporter
Bihar Crime News: बिहार में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। बेखौफ अपराधी हर दिन लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा घटना भागलपुर से सामने आई है, जहां अपराधियों ने एक चौकीदार के भाई की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को मक्के के खेत में फेंककर फरार हो गए। घटना नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर कारगिल बहियार की है।
युवक की पहचान तिलकामांझी थाना क्षेत्र के सच्चिदानंद नगर निवासी दिनेश पासवान के 25 वर्षीय बेटे राजीव पासवान के रूप में की गई है। अपराधियों ने राजीव के सिर पर किसी हथियार से वार कर उसकी जान ले ली है।
मृतक के दादा भूषण पासवान ने बताया की मंगलवार के दोपहर घर से हेलमेट लेकर निकला था लेकिन जब रात तक घऱ नहीं लौटा तो नाथनगर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में सर्च अभियान चलाया और शंकरपुर दियारा के कारगिल बहियार में मकई के खेत से युवक का शव बरामद कर लिया।
घटनास्थल से हेलमेट और मृतक का चप्पल बरामद किया गया है। परिजन आशंका जता रहे हैं कि पहले शराब पार्टी करने के लिए युवक को बुलाया गया है और बाद में उसकी हत्या कर दी गई है। मौके पर डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम पहुंची है और जांच में जुट गई है।
पुलिस ने जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। इस घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।