1st Bihar Published by: RAKESH KUMAR Updated Jul 23, 2025, 11:56:23 AM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो file
Bihar Crime News: बिहार के आरा से बुधवार सुबह एक बड़ी वारदात सामने आई है। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव में स्थित 1 नंबर बस स्टैंड के पास, बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान पवना थाना क्षेत्र के पवार गांव निवासी 32 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक राजू कुमार, एक प्राइवेट इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं जो फिलहाल मुंबई में कार्यरत हैं। राजू भी पवार गांव के ही रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि राजू कुमार अपने दोस्त धर्मेंद्र कुमार और सात वर्षीय बेटे ऋषभ कुमार के साथ बाइक से आरा रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे।
इसी दौरान, बेलाउर के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और गोलियों की बौछार कर दी। फायरिंग में धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के पीछे पूर्व के जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाना समेत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी जांच भी कर रही है। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सहमे हुए हैं।