Bihar Crime News: बिहार में अपराधी बेलगाम, अब छपरा में व्यवसायी को मारी गोली

Bihar Crime News: छपरा के एकमा में हार्डवेयर व्यवसायी रौशन सिंह की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, क्षेत्र में दहशत का माहौल।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 21, 2025, 12:02:56 PM

Bihar Crime News

प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google

Bihar Crime News: छपरा के एकमा थाना क्षेत्र के हंसराजपुर गांव में अज्ञात अपराधियों ने हार्डवेयर व्यवसायी रौशन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। 


यह घटना छपरा के एकमा थाना क्षेत्र के हंसराजपुर गांव में हुई है। हंसराजपुर निवासी सोनेलाल सिंह के 25 वर्षीय पुत्र रौशन सिंह महावीर हार्डवेयर दुकान चलाते थे, उनकी अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। परिजनों के अनुसार रौशन रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर पहुंचे थे। तभी अज्ञात अपराधियों ने किसी बहाने से उन्हें बाहर बुलाया और फिर गोली मार दी। गोली लगने के बाद रौशन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। गोलीबारी की आवाज सुनकर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे।


जिसके बाद घायल रौशन को तुरंत एकमा के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही एकमा थानाध्यक्ष उदय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।


इस बारे में बात करते हुए थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया है कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। इस घटना से हंसराजपुर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। जबकि रौशन के परिजनों के आंसू रोके नहीं रुक रहे।


रिपोर्टर: रामेंद्र कुमार सिंह