1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 15, 2025, 9:18:19 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के कैमूर जिले के कुदरा शहर में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। बाइक सवार बदमाशों ने महिला पुलिसकर्मी सरिता कुमारी को गोली मार दी है। वह अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए मधेपुरा जा रही थीं।
यह हमला बजरंग पैलेस के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ है। गोली सरिता की पीठ में लगी है, जिसके बाद उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बनारस के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार सरिता कुमारी मधेपुरा में अपनी ड्यूटी के लिए कुदरा रेलवे स्टेशन जा रही थीं। उनके पति बाइक चला रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से निशाना साधकर गोली चला दी। हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। कुदरा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या बदमाशों की धमकी का मामला सामने आ सकता है, लेकिन अभी जांच जारी है।