1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 14, 2025, 9:22:20 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के खगड़िया जिले में शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। मानसी थाना क्षेत्र के पूर्वी ठाठा पंचायत, वार्ड नंबर 9 निवासी 45 वर्षीय किसान अनिल यादव की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अनिल स्वर्गीय नंदन यादव के पुत्र थे। बदमाशों ने घर के बाहर बासा पर सो रहे अनिल के चेहरे और सिर पर चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी के अनुसार रात में अनिल अपने घर के बाहर बासा पर सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी आंख के पास, एक नाक के पास और दो सिर में लगीं। गोलीबारी की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले तो अनिल को खून से लथपथ पाया। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर शनिवार सुबह खगड़िया सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मानसी थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। आसपास के CCTV फुटेज और गवाहों के बयान खंगाले जा रहे हैं। अभी तक कोई आरोपी पकड़ा नहीं गया है, लेकिन पुलिस पुराने विवाद या रंगदारी जैसे पहलुओं की जांच कर रही है।