1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 15, 2025, 12:53:21 PM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: किशनगंज से सनसनीखेज खबर आ रही है, यहां घूरना गांव में मजदूर लखन मुर्मू की नाजायज रिश्ते के शक में हत्या कर दी गई है। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दो सगे भाइयों सोम और निमाई हांसदा को गिरफ्तार किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और आगे की जांच जारी है।
यह घटना रविवार शाम को किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड के पाटकाई कला पंचायत के घूरना गांव में हुई है। जहां हालामाला निवासी मजदूर लखन मुर्मू की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों भाइयों सोम हांसदा और निमाई हांसदा को इस बात का शक था कि लखन का उनकी फूफी से अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों भाई लखन से बात करने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान ही विवाद बढ़ गया और दोनों ने लाठी से लखन पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से लखन की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों की शिकायत पर कोचाधामन थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के निर्देश पर थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह, राजू, प्रकाश गुप्ता और FSL टीम ने संयुक्त रूप से घटनास्थल की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। SP सागर कुमार ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मजबूत केस तैयार किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ जल्द चार्जशीट दायर की जाएगी।
रिपोर्टर: नौशाद आलम