1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 04, 2025, 11:15:44 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज प्रखंड में रजनी पंचायत के वार्ड 14, दमगारा टोला, प्रसादी चौक के पास एक सब्जी विक्रेता दंपती की निर्मम हत्या ने क्षेत्र में सनसनी मचा दी है। अज्ञात हमलावरों ने दिनेश दास और उनकी पत्नी भलिया देवी की उनके घर में सिर और चेहरा कुचलकर हत्या कर दी है।
प्रथम दृष्टया जमीनी विवाद को ही इस डबल मर्डर का कारण माना जा रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है और शुक्रवार सुबह परिजनों सहित ग्रामीणों ने दोनों शवों को SH-91 मुख्य सड़क पर रख कर जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया।
इन सभी लोगों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और उच्च स्तरीय जाँच की मांग की है। उन्होंने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाने की भी मांग की है ताकि हत्यारों का सुराग जल्द से जल्द मिल सके। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएँ क्षेत्र में अपराधियों के बेलगाम होने का सबूत हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और फिर शव परिजनों को सौंप दिया। जाँच तेज कर दी गई है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। फॉरेंसिक जाँच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सटीक कारण और हत्यारों के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है।