1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 21, 2025, 11:48:02 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: मधेपुरा जिले के घैलाढ़ प्रखंड के परमानंदपुर थाना क्षेत्र के बलुआहा वार्ड 7 में शुक्रवार देर रात एक दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। तीन अज्ञात अपराधियों ने 55 वर्षीय तेतरी देवी की उनके घर के दरवाजे पर सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने तेतरी देवी के सिर और पीठ में चार गोलियां मारीं हैं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह दर्दनाक घटना रात के करीब 12:30 बजे की बताई जाती है और इससे अब गांव में दहशत का माहौल बन गया है। मृतका के पति उपेंद्र चौपाल उर्फ बेचन चौपाल ने बताया कि वह उस समय शौच के लिए बाहर गए थे, तब तक अपराधियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दे दिया और फरार हो गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही परमानंदपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सटीक कारण का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।
वहीं मृतका के पति और परिजनों से भी पूछताछ लगातार जारी है। तेतरी देवी का एक बेटा और तीन बेटियां हैं, ये सभी शादीशुदा हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों की पहचान के लिए छानबीन तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।