Bihar Crime News: लूट का विरोध करना राहगीर को पड़ा भारी, बदमाशों ने मारी गोली

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के औराई जोका पुल पर अपराधियों ने राहगीर निजामुद्दीन को लूट के दौरान गोली मार दी है। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को सीतामढ़ी के बदमाशों पर है शक, जांच हुई शुरू।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 30, 2025, 9:01:26 AM

Bihar Crime News

प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र में जोका पुल के पास अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया है। लूट का विरोध करने पर राहगीर निजामुद्दीन को देर रात गोली मार दी गई है। जिसके बाद घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीतामढ़ी के अपराधियों पर शक जताया जा रहा है।


यह घटना रविवार देर रात औराई थाना क्षेत्र के जोका पुल के पास हुई है। बभनगामा गांव निवासी निजामुद्दीन सीतामढ़ी के नानपुर थाना क्षेत्र से काम करके लौट रहे थे। जोका पुल पार करते समय तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन पर हथियार तान दिया और मोबाइल व पैसे लूट लिए। विरोध करने पर अपराधियों ने निजामुद्दीन की जांघ में गोली मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल निजामुद्दीन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।


इसकी सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की है। पुलिस ने मौके से एक गोली का खोखा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस वारदात को सीमावर्ती जिला सीतामढ़ी के अपराधियों के द्वारा अंजाम दिया गया है। औराई का जोका पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण अपराधियों के लिए सेफ जोन बन गया है, जहां सीमावर्ती जिलों के बदमाश अक्सर सक्रिय रहते हैं।


इधर लोगों द्वारा पुलिस की चौकसी पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, क्योंकि मुजफ्फरपुर में अपराधी आजकल लगातार तांडव मचा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


रिपोर्टर: मनोज कुमार