Bihar Crime News: जमीनी विवाद में 2 भाइयों को मारी गोली, एक की मौत

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के कोरिया निजामत गांव में जमीन विवाद में जितेंद्र कुमार की गोली मारकर हत्या, एक भाई जय प्रकाश गंभीर रूप से घायल। अरविंद भगत पर आरोप, पुलिस जांच शुरू।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 23, 2025, 8:56:15 AM

Bihar Crime News

प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र के कोरिया निजामत गांव में रविवार देर रात जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया है। इस विवाद में दो भाइयों जितेंद्र कुमार (40) और जय प्रकाश कुमार (45) को गोली मार दी गई है। जितेंद्र की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि जय प्रकाश गंभीर रूप से घायल हैं। इस घटना ने गांव में कोहराम मचा दिया है और परिवार में मातम पसरा हुआ है। अरविंद भगत और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है और मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।


यह घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जाती है, लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद को सुलझाने के लिए दोनों भाई गांव आए थे। बताया जाता है कि विवादित जमीन की मापी पहले ही कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद तनाव खत्म नहीं हुआ। रविवार रात विवाद फिर भड़क उठा और पड़ोस के अरविंद भगत और उनके साथियों ने इन भाइयों पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने ईंट-पत्थर बरसाने के साथ-साथ गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें जितेंद्र और जय प्रकाश को गोलियां लगीं।


गोलीबारी के बाद दोनों घायल भाइयों को तुरंत पारू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जितेंद्र की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनकी पेट में गोली लगी थी। जय प्रकाश को भी एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और कुछ सबूत जमा किए हैं।


जितेंद्र कोलकाता में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे, जबकि जय प्रकाश राजस्थान में प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं। जमीन विवाद को सुलझाने के लिए दोनों भाई गांव आए थे, लेकिन इस प्रयास में छोटे भाई की जान चली गई। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है और पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दबाव है।