Bihar Crime News: पटना में 5 वर्षीय बच्ची संग दुष्कर्म, ट्यूशन पढ़ाने वाला गिरफ्तार

Bihar Crime News: पटना के मनेर दियारा में 5 साल की बच्ची से नाबालिग ट्यूशन टीचर ने किया रेप, आरोपी गिरफ्तार। FSL जांच शुरू, परिजनों के साथ मारपीट का भी आरोप।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 26, 2025, 10:16:11 AM

Bihar Crime News

प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google

Bihar Crime News: पटना के मनेर दियारा गांव में 25 जून को एक 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार बच्ची घर में अकेली थी जब उसी गांव के एक नाबालिग ने घर में घुसकर उसके साथ रेप किया। वह इस बच्ची को ट्यूशन पढ़ाने आता था। बच्ची के बेहोश होने और खून से लथपथ होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।


बच्ची की मां के घर लौटने पर घटना का पता चला, जब उन्होंने बच्ची को बेहोशी की हालत में पाया। मां की शिकायत पर पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना की जानकारी मिलते ही मनेर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। बच्ची को तत्काल मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


मनेर थानाध्यक्ष संजय कुमार चौधरी ने बताया कि फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने देर रात बच्ची के खून से सने कपड़े और आरोपी के कपड़ों को जांच के लिए जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और IPC की धारा 376 (रेप) के तहत मामला दर्ज किया है।


बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया कि जब वे शिकायत दर्ज कराने मनेर थाने पहुंचे तो आरोपी के परिजनों ने थाने के गेट पर उनके साथ मारपीट की है। इस हंगामे के बाद पुलिस ने मारपीट करने वाले चार लोगों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ शुरू की है। परिजनों का कहना है कि बच्ची ने होश में आने पर आरोपी की पहचान की और पूरी घटना बताई। जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा है और वे कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।