1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 17, 2025, 2:14:15 PM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र के कुशहर वार्ड नंबर एक में दहेज के लिए एक सात माह की गर्भवती नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान कुशहर निवासी चंदन सहनी की 25 वर्षीय पत्नी मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने दहेज में सोने की चेन और महंगी बाइक की मांग को लेकर उनकी बेटी की हत्या की और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को दुपट्टे से लटका दिया।
मृतका के पिता पिपराही थाना क्षेत्र के मझौरा गांव निवासी दिनेश सहनी ने बताया कि उनकी बेटी मनीषा की शादी दो-तीन साल पहले कुशहर गांव निवासी इंदल सहनी के बेटे चंदन सहनी के साथ हुई थी। शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। मनीषा का एक साल का बेटा रितिक है और वह सात माह की गर्भवती थी।
ससुराल वाले लगातार दहेज में सोने की चेन और महंगी बाइक की मांग कर मनीषा को प्रताड़ित कर रहे थे। हाल ही में एक बाइक दी गई थी, इसके बावजूद सोमवार शाम को ससुराल वालों ने मनीषा की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को दुपट्टे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। सूचना मिलने पर जब मायके वाले पहुंचे, तो ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे। मनीषा का एक साल का बेटा रितिक घर में अकेला था।
मृतका के पिता ने हत्या का आरोप मनीषा के पति चंदन सहनी, सास भिखनिया देवी, ननद काजल कुमारी, अंजली देवी, देवर रंजन कुमार, बिंदेश्वर सहनी और ससुर इंदल सहनी पर लगाया है। तरियानी थाना अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन मायके पक्ष के हत्या के आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हैं, और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
समीर कुमार झा की रिपोर्ट