1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 29, 2025, 1:40:36 PM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के सिवान जिले के नगर थाना क्षेत्र में शहीद सराय मार्केट में चोरों ने एक साथ पांच दुकानों में सेंधमारी कर लाखों रुपये के सामान और नकदी चुरा ली है। यह वारदात नगर थाने से कुछ ही दूरी पर हुई है। जिसके बाद दुकानदारों में दहशत फैल गई है। इन चोरों ने शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया और फिर आराम से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक़ पहली चोरी डाबर दवा दुकान में हुई है, जहां चोरों ने शटर तोड़कर गल्ले से हजारों रुपये नकद चुराए। सुबह टहलने वाले लोगों ने टूटा शटर देखा और फिर दुकान मालिक को इसकी सूचना दी। मालिक ने बताया कि वे रात में रोज की तरह दुकान बंद कर घर गए थे और सुबह चोरी की खबर मिली।
दूसरी दुकान एक कपड़ा स्टोर थी, जहां से लाखों रुपये के महंगे कपड़े और नकदी चुराई गई है। तीसरी घटना एक चप्पल दुकान में हुई है, जहां से नकदी की चोरी हुई है। इसके अलावा दो अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया गया है। जिससे दुकानदारों का कुल मिलाकर भारी नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों में इस घटना से आक्रोश और डर का माहौल है। नगर थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया है कि शटर तोड़ने के तरीके और चोरी के पैटर्न की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है ताकि चोरों का पता जल्द से जल्द लगाया जा सके।